![]()
मेरठ में पिछले एक हफ्ते से भीषण गर्मी और लू अपना प्रचंड रूप दिखा रहे हैं। रोजाना की तरह बीते दिन भी इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। सुबह से ही आसमान से आग बरसती महसूस हुई और दोपहर तक सड़कें व बाजार सूने नजर आए। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला पर अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं आज यह 45 डिग्री पहुंचने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 25 मई से शुरू होने वाले नौतपा के चलते आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी हवाओं और साफ आसमान के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है। दोपहर के समय चल रही लू से हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ गया है। हालांकि 29 मई के आसपास सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। पिछले पांच दिनों में तापमान लगातार बढ़ता गया। 16 मई को 39.6 डिग्री सेल्सियस रहा तापमान 20 मई तक बढ़कर 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। गर्मी के चलते दोपहर में बाजारों और मुख्य मार्गों पर लोगों की आवाजाही काफी कम रही। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग सिर और चेहरे को कपड़ों से ढंककर निकलते दिखाई दिए। वहीं शहर की हवा की गुणवत्ता भी खराब श्रेणी में दर्ज की गई। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 263 रहा। गंगानगर में 190, जयभीम नगर में 256, एमआईईटी कॉलेज के पास 354 और पल्लवपुरम में 251 AQI दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
Source link
मेरठ में गर्मी का रेड अलर्ट जारी:आज तापमान 45 डिग्री पार होने की संभावना, लू से बेहाल हुए लोग