![]()
मेरठ में बुधवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर लूट का मामला सामने आया। घर में अकेली आठ माह की गर्भवती रुचि शर्मा ने बताया कि करीब साढ़े 11 बजे कुछ लोग गेट खुलवाकर अंदर घुसे और उसे पकड़कर घर में ले गए। पीड़िता के मुताबिक, बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। उसने बताया कि बदमाशों ने कान के कुंडल और पाजेब उतरवा लिए और अलमारी में रखे रुपए और जेवर भी ले गए। परिवार के मुताबिक, घर से करीब तीन लाख रुपये नकद और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर ले जाए गए हैं। सूचना पर पुलिस और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। देखिए 2 तस्वीरें… परिवार के सदस्य घर से निकल गए थे नालपुर गांव निवासी कुलदीप शर्मा नोएडा में काम करते हैं। उनकी पत्नी सीमा आंगनबाड़ी में कार्यरत हैं, जबकि बेटा देवांग भी एक कंपनी में काम करता है। बुधवार सुबह कुलदीप शर्मा और उनकी पत्नी सीमा घर से निकल गए थे। करीब 11 बजे देवांग भी रिश्तेदारी में हुई मौत की सूचना मिलने पर घर से चला गया। इसके बाद घर में आठ माह की गर्भवती रुचि शर्मा अकेली रह गई थीं। परिवार के मुताबिक, दोपहर करीब 12:30 बजे सीमा शर्मा घर वापस लौटीं। उन्होंने बहू रुचि को बदहवास और बेहोशी की हालत में पूजा वाले कमरे में फर्श पर पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी। पीड़िता बोली- गेट खुलवाकर अंदर घुसे रुचि शर्मा ने बताया कि करीब साढ़े 11 बजे बदमाश घर में घुसे। उनके मुताबिक, कुल चार लोग थे, जिनमें से दो घर के बाहर गाड़ी में मौजूद थे। रुचि ने बताया कि बदमाशों ने गेट खुलवाया। जब उसने पूछा कि आप कौन हैं, तो आरोप है कि एक बदमाश ने उसकी गर्दन पकड़कर उसे अंदर ले लिया। पीड़िता के मुताबिक, बदमाशों ने उसे धमकाते हुए कहा कि उसे और उसके बच्चे को भी मार देंगे। उसने बताया कि उसके सिर में मुक्का मारा गया। हाथ पर चाकू से निशान होने की बात भी उसने बताई। रुचि के अनुसार, बदमाशों ने उसके हाथ काट देने की धमकी भी दी। कुंडल-पाजेब उतरवाने के बाद अलमारी की जानकारी ली रुचि ने बताया कि बदमाशों ने उसके कान के कुंडल और पाजेब उतरवा लिए। इसके बाद उससे अलमारी में रखे सामान के बारे में पूछा गया। पीड़िता के मुताबिक, उसने अलमारी में सामान रखे होने की जानकारी दी। इसके बाद बदमाश वहां से नकदी और जेवर लेकर फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि बदमाश करीब एक घंटे तक घर में रहे। उसके मुताबिक, बदमाशों के जाने के करीब आधे घंटे बाद उसकी सास शशि शर्मा घर पहुंचीं। शशि शर्मा बोलीं- तीनों कमरों के दरवाजे खुले थे शशि शर्मा ने बताया कि जब वह घर पहुंचीं तो बहू रुचि पूजा वाले कमरे में फर्श पर बदहवास हालत में पड़ी थी। उन्होंने बताया कि घर के तीनों कमरों के दरवाजे खुले हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। परिवार के मुताबिक, घर से करीब तीन लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर ले जाए गए हैं। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने जुटाए साक्ष्य सूचना मिलने के बाद सीओ किठौर विश्वज्योति राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने टूटी अलमारी और घर के अन्य हिस्सों की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस महिला के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और वे किस रास्ते से आए और फरार हुए। पुलिस ने ये भी बताया की महिला को नशीला पदार्थ सुंघाया गया था।
Source link
मेरठ में गर्भवती को बंधक बनाकर 5 लाख की लूट:दिनदहाड़े एक घंटे तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रही खौफ में, 3 लाख नगद और डेढ़ के जेवर ले गए बदमाश