मेरठ में अग्निवीर ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की:नशे की हालत में लोगों से लड़ रहा था, जानकारी पर पहुंची पुलिस से भिड़ गया


मेरठ में शराब के नशे में धुत एक अग्निवीर ने हाईवे किनारे जमकर उत्पात मचाया। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के देहरादून हाईवे पर अग्निवीर यश तोमर शराब के नशे में लोगों से बदसलूकी कर रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि यश तोमर ने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बदसलूकी के दौरान अग्निवीर ने एक दरोगा की वर्दी तक फाड़ दी और पुलिसकर्मियों से हाथापाई की। इसके बाद कई पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है। मामला कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र का है। 3 तस्वीर देखिए… पुलिसकर्मियों से अभद्रता के बाद पहुंची दूसरी PRV
वायरल वीडियो में एक फौजी पुलिसकर्मियों के साथ विवाद करता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि फौजी ने PRV पर तैनात दो पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और बदसलूकी की। इसके बाद दूसरी PRV पर तैनात पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे। वीडियो में पुलिसकर्मी फौजी को गाड़ी में बैठाकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। फौजी का नाम यश तोमर बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से मामले की जांच और कार्रवाई की जा रही है। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने लिया संज्ञान
रविवार शाम वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। वीडियो की जांच कराई गई तो घटनास्थल थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र का पाया गया। इसके बाद कंकरखेड़ा पुलिस ने संबंधित फौजी को हिरासत में ले लिया। सीओ दौराला बोले- मिलिट्री पुलिस को भी दी जानकारी
मामले में सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि एक वीडियो प्रकाश में आया है, जिसमें एक फौजी द्वारा PRV पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता एवं बदसलूकी की जा रही है। वीडियो की जांच करने पर यह थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र का पाया गया। उन्होंने बताया कि जानकारी मिलते ही कंकरखेड़ा पुलिस ने तत्काल गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित फौजी को हिरासत में लिया। उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण के संबंध में मिलिट्री पुलिस को भी अवगत कराया गया है, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *