मेरठअवैध स्विमिंग पूल में 12 साल के बच्चे की मौत:केयरटेकर गिरफ्तार, सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप


मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में एक अवैध स्विमिंग पूल में रविवार रात 12 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूल के केयरटेकर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह हादसा लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुआ। इस्लामाबाद चौकी प्रभारी अक्षय निधि शर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के बाबू राम की कोठी निवासी मौ. वासिद और मौ. यासर बिना किसी अनुमति के ‘वॉटर लैंड स्विमिंग पूल’ का संचालन कर रहे थे। पूल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं थे। रविवार रात तारापुरी निवासी 12 वर्षीय आकिल को तैराकी सिखाने के लिए पूल में उतारा गया था। सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण वह पानी में डूब गया। उसे गंभीर हालत में बाहर निकाला गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के आदेश पर लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने नामजद आरोपी मौ. यासर को सोमवार को विकासपुरी बिजलीघर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। यह घटना एक बार फिर अवैध रूप से संचालित हो रहे स्विमिंग पूलों और उनमें सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *