मुआवजे की मांग पर किसानों का हाईवे पर धरना:फिरोजाबाद में प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी, 4 मई को होगी जमीन की पैमाइश


फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र में किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर रविवार को नेशनल हाईवे-19 पर धरना दिया। बालाजी मंदिर के पास हुए इस प्रदर्शन में किसानों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों का आरोप है कि 2003 में फोरलेन निर्माण के दौरान अधिग्रहित की गई जमीन की एक किस्त का भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। इसके बाद सिक्सलेन और अब फ्लाईओवर निर्माण के लिए भी उनकी जमीन बिना उचित मुआवजे के अधिग्रहित की जा रही है। इसी के विरोध में किसान यूनियन के आह्वान पर बड़ी संख्या में किसान हाईवे किनारे एकत्रित हुए और धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उन्हें उनकी जमीन का पूरा मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। किसानों ने यह भी बताया कि कई बार प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे उनमें असंतोष बढ़ रहा है। धरने की सूचना मिलने पर शिकोहाबाद के उपजिलाधिकारी गजेंद्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े रहे। किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, प्रशासन ने किसानों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है। उपजिलाधिकारी ने बताया कि 4 मई को किसानों की जमीन की पैमाइश की जाएगी, जिसके बाद ही हाईवे का शेष कार्य आगे बढ़ेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *