मिर्जापुर स्टेशन पर बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार:वैध पासपोर्ट-वीजा नहीं मिला, खुफिया एजेंसियां कर रही पूछताछ


मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया। उसके पास भारत में प्रवेश के लिए कोई वैध पासपोर्ट या वीजा नहीं मिला। यह गिरफ्तारी प्लेटफार्म नंबर-3 पर ट्रेन नंबर 15658 ब्रह्मपुत्र मेल की जांच के दौरान हुई। एएसआई भोलानाथ के नेतृत्व में टीम को एक यात्री संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसकी पूछताछ में विदेशी नागरिक होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाने लाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय खुफिया इकाई (LIU), आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की टीमों को सूचित किया गया। जांच में यात्री की पहचान मो. रियाज अहमद (23 वर्ष) पुत्र मो. शाहजहां, निवासी मजलिसपुर, पोस्ट हबीगंज, थाना हबीगंज सदर, जनपद हबीगंज, सिलहट डिवीजन, बांग्लादेश के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक सफेद रंग का रेडमी 5जी मोबाइल फोन, एक नीले रंग का पर्स, 110 रुपये नकद और बांग्लादेश में जारी जन्म प्रमाण पत्र की छायाप्रति मिली। जन्म प्रमाण पत्र पर उसकी जन्मतिथि 14 सितंबर 2003 दर्ज है। पुलिस के अनुसार, रियाज अहमद के पास भारत में प्रवेश के लिए कोई वैध पासपोर्ट, वीजा या अन्य दस्तावेज नहीं थे। उपलब्ध दस्तावेजों और पूछताछ के आधार पर उसके बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि उसने भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा को अवैध रूप से पार कर भारत में प्रवेश किया। पुलिस ने किसी संगठन से उसके संभावित जुड़ाव की आशंका से भी इनकार नहीं किया है। उसे इमीग्रेशन एंड फॉरेनर एक्ट, 2025 की धारा 21 के तहत शनिवार शाम लगभग 7:15 बजे पुलिस हिरासत में लिया गया। जीआरपी ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू करने की रिपोर्ट भेजी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *