मिर्जापुर में 16 जून से बंद होंगे पांच पान्टून पुल:लोक निर्माण विभाग ने जारी की सूचना


मिर्जापुर। गंगा नदी पर बने पांच पान्टून पुलों का संचालन 15 जून तक ही किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) मिर्जापुर ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी है। विभाग की व्यवस्था के अनुसार, प्रत्येक वर्ष मानसून और नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए 15 जून के बाद इन पुलों को हटा दिया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष 16 जून से जनपद के सभी पांच पान्टून पुलों पर आवागमन पूरी तरह बंद हो जाएगा। अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि गंगा नदी पर बने इन पान्टून पुलों से हजारों लोग आवागमन करते हैं। हालांकि, बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से इन्हें हटाना आवश्यक होता है। जिन पान्टून पुलों का संचालन 16 जून से बंद किया जाएगा, उनमें मिश्रपुर-सीतामढ़ी घाट पान्टून पुल, गौरा परमानपुर एवं सेमराधनाथ धाम के बीच गंगा नदी पर बना पान्टून पुल, चील्ह-गोपीगंज मार्ग से हरसिंहपुर घाट होते हुए मां विंध्यवासिनी धाम को जोड़ने वाला पान्टून सेतु, कम्पनी घाट से कोल्हुआ के बीच गंगा नदी पर बना पान्टून पुल और मिर्जापुर-भटौली-जमुनहिया-नेवढ़िया घाट मार्ग पर स्थित नेवढ़िया घाट पान्टून सेतु शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग ने आम जनता से अपील की है कि 16 जून के बाद इन पुलों का उपयोग न करें और आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। विभाग द्वारा निर्धारित तिथि के बाद पान्टून पुलों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। यह व्यवस्था विशेष रूप से छानबे और मझवां विधानसभा क्षेत्रों के उन ग्रामीणों को प्रभावित करेगी, जो रोजमर्रा के आवागमन के लिए इन अस्थायी पुलों का उपयोग करते हैं। विभाग ने नागरिकों से इस कार्य में सहयोग की अपेक्षा की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *