मिर्जापुर में विद्युत उपकेंद्र में बैटरी स्कूटी में लगी आग:कर्मचारियों में अफरा-तफरी, बड़ा हादसा टला, उपकरण सुरक्षित


मिर्जापुर के विंध्याचल स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र भवानीपुर में परिसर में खड़ी एक बैटरी संचालित स्कूटी में अचानक आग लग गई। इस घटना से उपकेंद्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, कर्मचारियों की सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। विभाग में कार्यरत कर्मचारी अतुल जायसवाल अपनी बैटरी स्कूटी उपकेंद्र परिसर में खड़ी कर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा, और कुछ ही क्षणों में उसमें आग भड़क उठी। आग की लपटें देखकर उपकेंद्र में मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। अवर अभियंता नरेंद्र सिंह ने बताया कि आग तेजी से फैल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारियों ने तत्काल पीछे के दरवाजे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए और समय रहते उस पर काबू पा लिया गया। इससे विद्युत उपकेंद्र के ट्रांसफार्मर और अन्य महत्वपूर्ण उपकरण सुरक्षित बच गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बैटरी में तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। घटना के बाद कुछ देर तक उपकेंद्र परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कर्मचारियों ने बताया कि यदि आग आसपास के विद्युत उपकरणों तक पहुंच जाती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लेने से बड़ी क्षति टल गई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *