![]()
वाराणसी के पिंडरा विधानसभा क्षेत्र स्थित खालिसपुर में महाराजा सुहेलदेव पंचायत भवन में बुधवार को महाराजा सुहेलदेव राजभर विजय दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने महाराजा सुहेलदेव के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराजा सुहेलदेव के जीवन और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महाराजा सुहेलदेव केवल एक वीर योद्धा ही नहीं, बल्कि राष्ट्र सुरक्षा, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के भी प्रतीक थे। उन्होंने विदेशी आक्रमणकारियों के विरुद्ध संघर्ष कर देश, धर्म और समाज की रक्षा की। वक्ताओं ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने अपनी वीरता और नेतृत्व क्षमता से इतिहास में अमिट पहचान बनाई। उनका जीवन आज भी समाज को एकता, साहस और राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। युवाओं को महाराजा सुहेलदेव के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने महाराजा सुहेलदेव के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। क्षेत्र के प्रसिद्ध लोकगायक उमाशंकर राजभर, कैलाश पाल, दिनेश कन्नौजिया, रमापति और गोविंद राजभर ने महाराजा सुहेलदेव के शौर्य और पराक्रम पर आधारित लोकगीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों से वातावरण उत्साह और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेंद्र राजभर ने की, जबकि संचालन राजकुमार राजभर ने किया। इस अवसर पर अवधेश राजभर, अजीत राजभर, कन्हैया राजभर, लवकुश राजभर, संजय राजभर, दिनेश राजभर, प्रमोद राजभर, विनोद राजभर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
Source link
महाराजा सुहेलदेव विजय दिवस समारोह आयोजित:वक्ताओं ने युवाओं को उनके शौर्य और त्याग से प्रेरणा लेने को कहा