![]()
मथुरा में एक विवाहिता के अंतिम संस्कार को लेकर सोमवार को मोक्षधाम में जमकर हंगामा हुआ। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर बिना सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार करने का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह मामला अलीगढ़ के थाना जवा क्षेत्र के छेरत निवासी अशोक की बेटी प्रिया से जुड़ा है। प्रिया की शादी करीब तीन वर्ष पहले मथुरा के बिरला मंदिर क्षेत्र निवासी सोनू से हुई थी। लगभग डेढ़ माह पहले प्रिया ने एक बच्चे को जन्म दिया था। डिलीवरी के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उसे दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई। आरोप है कि मौत के बाद ससुराल पक्ष प्रिया के शव को मथुरा ले आया और सोमवार को मोक्षधाम में अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इस संबंध में मायके पक्ष को कोई सूचना नहीं दी गई। जब मायके पक्ष को इसकी भनक लगी, तो वे तुरंत मोक्षधाम पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि चिता जल रही थी। यह देख मायके वाले आक्रोशित हो गए और उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की होने लगी, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि मृतका के पिता अशोक की तहरीर पर पति सोनू, बिरजू, सुंदरी समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मथुरा मोक्षधाम में प्रसूता के अंतिम संस्कार पर हंगामा:मायके वालों ने बिना सूचना अंतिम संस्कार का आरोप लगाया, मुकदमा दर्ज