![]()
लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती समारोह के अवसर पर मथुरा की मांट विधानसभा क्षेत्र के गांव नगला गढ़ बंबा में जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी शामिल हुए। इस दौरान जयंत चौधरी ने कहा कि कभी कभी जनता अपनी ताकत भूल जाती है। आज में आपके बीच उसी ताकत को याद दिलाने आया हूं। जनता ही सरकार बनाती है इसलिए सरकार को जनता के सुझाव मानने ही पड़ेंगे। बुधवार को मांट विधानसभा क्षेत्र के गांव नगला गढ़ बम्बा पर आयोजित लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती समारोह कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे केन्द्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि केन्द्र सरकार ने मछली पालन परियोजना के तहत 100 करोड़ की धनराशि को मंजूरी दी है। इससे मथुरा के किसानों को भी फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज बनकर ही मैं दिल्ली में बैठा हूं। रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने धनगर समाज के आरक्षण की मांग पर बोलते हुए कहा कि चौ. अजीत सिंह की दिली इच्छा थी कि धनगर समाज को उनका हक मिले। हमने सड़क से लेकर संसद तक धनगर समाज के हक की आवाज उठाई है। और इस मांग को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। छत्तीस बिरादरी ने लिया रालोद के साथ चलने का संकल्प कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी योगेश नौहवार ने कहा कि हमें गर्व है कि हमारे समाज में ऐसे-ऐसे महापुरुष हुए जिनको आज भी हम अपना आदर्श मानते हैं। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर आज भी लोगों के दिलों पर राज करती हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसी क्षेत्र की छत्तीस बिरादरी मिलकर राष्ट्रीय लोकदल के साथ चलने का संकल्प ले चुकी है। समारोह में बिजनौर सांसद चंदन चौहान, रालोद विधायक प्रदीप चौधरी, रालोद महासचिव यशपाल बघेल, रालोद ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष ब्रजेश चाहर ने भी अपने विचार रखे।कार्यक्रम की अध्यक्षता रघुवीर धनगर व संचालन डॉ. अर्चना पाल ने की। यह रहे मौजूद इस दौरान रालोद जिलाध्यक्ष राजपाल भरंगर, कुंवर नरेन्द्र सिंह, प्रीतम प्रमुख, जगवीर नौहवार, भगवती प्रसाद चेयरमैन, देवराज सिंह, सुशील शर्मा, दीपक गुप्ता, जीते ठाकुर, शिवा धनगर, अमित गुर्जर मुंशी धनगर सहित तमाम लोग मौजूद रहे। ग्रामीण उद्यमिता और नवाचार को खेती से जोड़कर युवाओं को रोजगार देना चाहते हैं कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने ग्रामीण उद्यमिता एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की। पहली बार एक राजनीतिक मंच पर दो युवा स्टार्टअप उद्यमियों रजत वर्धन व प्रदीप राउत को आमंत्रित किया गया। दोनों उद्यमियों ने कार्यक्रम स्थल पर अपने-अपने स्टॉल स्थापित कर अपने अभिनव समाधानों का प्रदर्शन किया। उनके नवाचार किसानों की वास्तविक समस्याओं के समाधान में सहायक सिद्ध हो रहे हैं तथा कृषि क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं। इस प्रकार की पहल युवाओं को उद्यमिता, नवाचार एवं स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही यह निर्णय भी लिया गया है कि भविष्य में आयोजित राष्ट्रीय लोकदल के विभिन्न कार्यक्रमों में ऐसे युवा उद्यमियों को नियमित रूप से आमंत्रित किया जाएगा, ताकि युवाओं को नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित किया जा सके। खाद की समस्या पर बोले जयंत धैर्य से काम लें किसान कार्यक्रम के दौरान किसानों ने खाद की समस्या पर सवाल खड़ा किया तो रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने कहा कि मैं समझ सकता हूं कि किसान दुविधा में हैं लेकिन किसानों को धैर्य से काम लेने की जरूरत है। पांडाल में इतनी गर्मी थी कि कोई तोलिया से तो कोई गमछा से पसीना पोंछता नजर आया। अखिलेश पर बोलने से बचे जयंत कार्यक्रम के बाद पत्रकार वार्ता के दौरान पूछे गए सवालों में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के खिलाफ बोलने से बचते दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि अखिलेश जी विपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान जयंत चौधरी ने कहा कि यह कोई राजनीतिक मंच नहीं है। इसलिए यहां राजनीति पर कुछ नहीं कहा जाएगा।
Source link
मथुरा में आयोजित हुआ लोकमाता अहिल्याबाई होलकर जयंती समारोह:केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने किया संबोधित,कहा किसान,उद्यमियों और धनगर समाज की लड़ेंगे दिल्ली तक लड़ाई