मखियाली में किसान का पलायन से एक्शन में आया प्रशासन:CMO ने घर–घर जाकर की ग्रामीणों से बात, कल लगेगा मेगा हेल्थ कैंप


मुजफ्फरनगर के सदर ब्लॉक स्थित मखियाली गांव में औद्योगिक प्रदूषण के कारण ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। गांव के कैंसर पीड़ित किसान जितेंद्र के पलायन और वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। मंगलवार शाम स्वास्थ्य विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एक संयुक्त टीम ने गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि गांव में लंबे समय से व्याप्त दुर्गंध, जहरीली हवा और दूषित पानी के कारण सांस लेने में तकलीफ, फेफड़ों की बीमारियां, सिरदर्द और कैंसर जैसे गंभीर रोग बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आसपास की पेपर मिलों और अन्य उद्योगों से निकलने वाला प्रदूषण उनके जीवन को प्रभावित कर रहा है, जिस पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. सुनील तेवतिया ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्वीकार किया कि क्षेत्र में दुर्गंध की समस्या गंभीर है। डॉ. तेवतिया ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर गांव की विशेष निगरानी की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि बुधवार को जिला अस्पताल द्वारा गांव में एक बड़ा चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम सभी ग्रामीणों की निःशुल्क जांच करेगी और आवश्यक दवाइयां वितरित की जाएंगी। सीएमओ ने जानकारी दी कि पूरे गांव का स्वास्थ्य सर्वेक्षण कराया जाएगा, ताकि यह पता चल सके कि कितने लोग किन बीमारियों से प्रभावित हैं। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों पर रेफर किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीमारियों की अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी, लेकिन प्राथमिक तौर पर सामने आए लक्षण चिंताजनक हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल जांच तक सीमित न रहकर, प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में रहने योग्य वातावरण सुनिश्चित हो सके। फिलहाल, मखियाली गांव में होने वाली प्रशासनिक कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर पूरे जनपद की निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि यह मामला केवल एक गांव का नहीं, बल्कि जनजीवन से जुड़ा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *