मंदिर से लौट रहे व्यक्ति पर जानलेवा हमला:कनपटी पर तमंचा लगाकर किया फायर, मिस होने पर बट से सिर पर पीटा


लखनऊ के ठाकुरगंज थानाक्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक पर बदमाश ने जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित मंदिर से लौट रहा था तभी गमछा बांध के आए बदमाश ने कनपटी पर असलाह सटाकर फायरिंग कर दी। गनीमत रही युवक बाल बाल बच गया। पीड़ित ने ठाकुरगंज थाने में तहरीर दी है। अहमदगंज गऊघाट निवासी रतनलाल गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे आन्नदी माता मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे थे। गउघाट चौकी के पीछे स्थित मंदिर के पास वह कुछ लोगों से बात कर रहे थे। इसी दौरान लालाघाट मंदिर की ओर से आए मुंह पर अगौछा बांधे एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी कनपटी पर असलहा लगा दिया। आरोप है कि हमलावर ने रतनलाल पर फायर किया, लेकिन गोली मिस हो गई। इसके बाद आरोपी ने असलहे की बट से उनके सिर और शरीर पर कई वार किए। हमले में रतनलाल के सिर में गंभीर चोटें आईं। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद रतनलाल गउघाट चौकी पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने टीबी अस्पताल जाकर इलाज कराया। इलाज के बाद उन्होंने पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात हमलावर के खिलाफ शिकायत की है। वहीं मामले में पुलिस का कहना है मामले की जांच कर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *