मंत्री राठौर ने वृक्षारोपण को जनआंदोलन बताया:इटावा में सहकारिता विभाग में भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी


इटावा में वृक्षारोपण महाभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में रविवार दोपहर 12 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता विभाग के राज्यमंत्री डॉ. जे.पी.एस. राठौर ने पर्यावरण संरक्षण, प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और सहकारिता विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार के सख्त रुख पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में वृक्षारोपण अब सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआंदोलन बन चुका है। साथ ही इटावा में सहकारिता विभाग के जर्जर भवन के पुनर्निर्माण और विभाग में भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भी ऐलान किया। वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत इटावा पहुंचे सहकारिता विभाग के राज्यमंत्री डॉ. जे.पी.एस. राठौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश पूरे देश में वृक्षारोपण के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे आज पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अब केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान बन गया है और आम लोग भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। मंत्री ने इटावा की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में वन आवरण बढ़कर 12 प्रतिशत हो गया है। इस वर्ष इटावा को 60 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है और जिला प्रशासन इस लक्ष्य को पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और सभी लोगों को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
राज्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2000 से पहले उत्तर प्रदेश में गुंडाराज और भ्रष्टाचार का माहौल था, लेकिन आज हर व्यक्ति राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकालकर विकसित राज्य बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। उनका कहना था कि जब उत्तर प्रदेश विकसित होगा, तभी देश के विकास को भी नई गति मिलेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *