भैंस चोर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली:एक साथी मौके से हुआ फरार, बदमाश के कब्जे से करीब एक लाख की नकदी बरामद


मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात करीब 11 बजे पुलिस और भैंस चोरी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। रामनगर तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध टाटा मैजिक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस के मुताबिक, पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान मेरठ जिले के सरधना निवासी उस्मान पुत्र इसरार के रूप में की है। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, 97,500 रुपये नकद और भैंस चोरी में इस्तेमाल की गई टाटा मैजिक बरामद की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
CO खतौली रुपाली रॉय चौधरी ने बताया कि पूछताछ में उस्मान ने चार दिन पहले रसूलपुर गांव में हुई भैंस चोरी की वारदात कबूल की है। चोरी की गई भैंसों को इसी टाटा मैजिक में ले जाया गया था। आरोपी ने पूछताछ में अपने फरार साथी फैजान और एक अन्य आरोपी नाफिज का भी नाम बताया है। पुलिस के मुताबिक नाफिज चोरी की घटनाओं की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने में शामिल रहता था। पुलिस के अनुसार उस्मान के खिलाफ लूट, चोरी और अन्य संगीन धाराओं में कई मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं। फरार आरोपी फैजान की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *