भावी ब्लॉक प्रमुख के होर्डिंग से सियासी पारा चढ़ा:अम्बेडकरनगर में जेल सिपाही की पत्नी रीता सिंह के नाम पर शुरू हुई नई चर्चा


अम्बेडकरनगर की राजनीति में इन दिनों एक होर्डिंग ने हलचल मचा दी है। भारतीय जनता पार्टी के अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष के स्वागत में लगाए गए इन होर्डिंगों में से एक पर “रीता सिंह पत्नी महेंद्र सिंह, भावी ब्लॉक प्रमुख” लिखा हुआ है। इस तस्वीर और संदेश ने जिले से लेकर राजधानी लखनऊ तक राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाएं छेड़ दी हैं। रीता सिंह, निलंबित जेल सिपाही महेंद्र सिंह की पत्नी हैं। भाजपा के कार्यक्रम से जुड़े होर्डिंग पर उनका नाम “भावी ब्लॉक प्रमुख” के रूप में सामने आने को अब केवल एक स्वागत संदेश नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। यही वजह है कि भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और राजनीतिक जानकारों के बीच इस होर्डिंग को लेकर खूब चर्चा हो रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि किसी बड़े संगठनात्मक कार्यक्रम में इस तरह का स्पष्ट संदेश बिना किसी सोची-समझी रणनीति का हिस्सा नहीं होता। हालांकि, रीता सिंह या उनके परिवार की ओर से अब तक किसी संभावित चुनावी दावेदारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन इस होर्डिंग ने कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। जिले में पहले से ही पंचायत और ब्लॉक प्रमुख की राजनीति को लेकर विभिन्न समीकरण बन रहे हैं। ऐसे समय में रीता सिंह का नाम सार्वजनिक रूप से सामने आना भविष्य की राजनीतिक तैयारियों का संकेत माना जा रहा है। भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच भी यह चर्चा है कि यदि उन्हें संगठन का समर्थन मिलता है, तो आने वाले समय में ब्लॉक स्तर की राजनीति में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं। अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी के स्वागत समारोह से इतर, पूरे जिले में चर्चा का केंद्र यही होर्डिंग बनी हुई है। राजनीतिक हलकों में इसे “साइलेंट पॉलिटिकल लॉन्च” तक कहा जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि किसी भी स्तर पर नहीं हुई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *