भर्ती की तैयारी कर रही युवती को कार ने रौंदा:मैनपुरी में घायल बेटी को एंबुलेंस में लेकर SP ऑफिस पहुंचा परिवार, 5 दिन बाद भी FIR नहीं


मैनपुरी के घिरोर थाना क्षेत्र में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही एक युवती को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न होने से नाराज परिवार घायल युवती को एंबुलेंस से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। यह घटना घिरोर थाना क्षेत्र के बमरौली-जसराना रोड पर हुई। ग्राम नगला भूड़ निवासी विवेक कुमार ने बताया कि उनकी बहन सुरभि पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी। 13 मई को जब वह सड़क किनारे दौड़ लगा रही थी, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार बिना नंबर की सफेद कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुरभि गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। विवेक के अनुसार, उनकी बहन की रीढ़ की हड्डी और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। परिवार का आरोप है कि कार नगला भूड़ निवासी शशि पुत्र अनोखे लाल चला रहा था और उसने जानबूझकर सुरभि को टक्कर मारी। विवेक ने बताया कि घटना के बाद वे रिपोर्ट दर्ज कराने थाने गए थे, लेकिन पुलिस ने पहले इलाज कराने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि कई दिनों तक पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की और रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद परिवार न्याय की गुहार लगाने घायल सुरभि को एंबुलेंस में लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा। सुरभि की मां ने कहा कि उनकी बेटी पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी और रोज दौड़ लगाने जाती थी, लेकिन इस घटना ने उसकी जिंदगी बदल दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को जान से मारने की नीयत से टक्कर मारी गई थी। परिवार ने मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ं

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *