बुलंदशहर में मौसम बदला:बादल छाए, तापमान 4 डिग्री गिरा; कल बारिश की संभावना


जिले में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर करीब तीन बजे के बाद आसमान में घने बादल छा गए, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को तेज धूप से राहत मिली। सुबह से दोपहर तक धूप तेज रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम के बदले मिजाज ने वातावरण को काफी हद तक ठंडा कर दिया। आसमान में बादल छाने के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में करीब चार डिग्री कम है। तापमान में आई इस गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली और बाजारों तथा सार्वजनिक स्थानों पर लोगों ने बदले मौसम का आनंद लिया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले समय में तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना बनी हुई है। यदि बारिश होती है तो इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। अचानक बदले मौसम से किसानों की भी नजर आसमान पर टिकी हुई है, क्योंकि इस समय गेहूं और अन्य फसलों की कटाई की तैयारी चल रही है। मौसम में आए इस बदलाव से शहर और आसपास के क्षेत्रों में शाम के समय हल्की ठंडी हवा चलने लगी, जिससे वातावरण और भी सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम में होने वाले संभावित बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *