बुलंदशहर में बकरा मंडी सजी, कीमतें 40% बढ़ीं:देर रात तक खरीद-फरोख्त; 15 हजार से 1 लाख तक बिक रहे बकरे


बुलंदशहर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) से पहले बकरों की मंडियां सजने लगी हैं। नगर के ऊपरकोट क्षेत्र में देर रात तक बकरों की खरीद-फरोख्त हो रही है। आसपास के गांवों के अलावा दूसरे जिलों और राज्यों से भी व्यापारी बकरे लेकर पहुंच रहे हैं। बकरा व्यापारियों के मुताबिक इस साल बकरों की कीमतों में पिछले साल के मुकाबले 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। छोटे बकरे 15 हजार से 20 हजार रुपये तक बिक रहे हैं, जबकि बड़े और अच्छी नस्ल के बकरों की कीमत 50 हजार से 1 लाख रुपये तक पहुंच गई है। चारा और परिवहन महंगा होने से बढ़े दाम व्यापारी नसीम और शाकिर ने बताया कि चारे, दवाइयों और पशुपालन का खर्च काफी बढ़ गया है। इसके अलावा परिवहन लागत में भी इजाफा हुआ है। इसका सीधा असर बकरों की कीमतों पर पड़ा है। उन्होंने बताया कि ग्राहक मोलभाव जरूर कर रहे हैं, लेकिन अच्छी नस्ल और ज्यादा वजन वाले बकरों की मांग लगातार बनी हुई है। शाम होते ही मंडी में उमड़ रही भीड़ ऊपरकोट क्षेत्र की मंडी में शाम होते ही खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगती है। कई लोग परिवार के साथ बकरों को देखने और खरीदने पहुंच रहे हैं। बच्चों में भी बकरों को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। व्यापारियों के अनुसार इस बार सफेद, काले और दुम्बा नस्ल के बकरों की मांग सबसे ज्यादा है। कई खरीदार ईद से ठीक पहले बढ़ने वाले दामों से बचने के लिए पहले से ही अपनी पसंद के बकरे बुक करा रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *