![]()
सोनभद्र के घोरावल ब्लॉक की खतौली ग्राम पंचायत में बिजली विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में एक निजी व्यक्ति से बिजली के पोल पर काम कराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि संविदा लाइनमैन राजा बाबू ने विनोद पासवान नामक निजी व्यक्ति को बिजली के पोल पर चढ़ा दिया। वहीं काम करने के दौरान युवक करंट की चपेट में आ गया और पोल पर ही बेहोश हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। घटना तीन अगस्त की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, करंट लगने के बाद विनोद पासवान काफी देर तक पोल पर ही बेसुध पड़ा रहा। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बताया गया कि घटना के समय संबंधित जेई अरुण पाल, संविदा लाइनमैन राजा बाबू समेत अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। इसके बावजूद निजी व्यक्ति से बिजली के पोल पर काम कराए जाने का आरोप है। वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुई कार्रवाई वीडियो सामने आने के बाद यूपीपीसीएल के अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। अधीक्षण अभियंता के मुताबिक, जांच में संविदा लाइनमैन द्वारा निजी व्यक्ति से बिजली के पोल पर काम कराया जाना सामने आया है। इसके बाद संबंधित फर्म को संविदा लाइनमैन राजा बाबू को तत्काल निष्कासित करने के लिए पत्र जारी किया गया है। वहीं, जेई अरुण पाल से पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। अधीक्षण अभियंता ने कहा कि मामले की जांच जारी है। जांच में जो भी कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बिजली के पोल पर काम के दौरान निजी व्यक्ति को चढ़ाए जाने और करंट की चपेट में आने की घटना ने विभागीय सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिजली का काम बेहद संवेदनशील होने के बावजूद कथित तौर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने अब जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
बिजली पोल पर युवक को चढ़ाया, करंट लगने से बेहोश:सोनभद्र में संविदा लाइनमैन निष्कासित, जेई से मांगा स्पष्टीकरण