बाराबंकी में मजदूर मालगाड़ी की चपेट में आया:बंद फाटक पार करते समय एक पैर कटा, हालत गंभीर


बाराबंकी जिले के फतेहपुर कस्बे में शनिवार रात एक दिहाड़ी मजदूर मालगाड़ी की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। बंद रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय हुए इस हादसे में मजदूर का एक पैर कट गया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुठवन पुरवा निवासी 28 वर्षीय अमित पुत्र पिंटू शनिवार रात मजदूरी कर घर लौट रहा था। रात करीब 9 बजे वह फतेहपुर स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रैक पार कर रहा था, तभी सूढ़ियामऊ की ओर से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे में अमित का एक पैर कट गया और वह ट्रैक पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे रेलवे ट्रैक से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी अजय कुमार पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल अमित को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर भेजा गया, जहां आकस्मिक ड्यूटी पर तैनात डॉ. देशराज ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, अधिक रक्तस्राव होने के कारण युवक की हालत बेहद गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। घायल के भाई प्रांशु ने उसकी पहचान की पुष्टि की। हादसे के बाद मालगाड़ी कुछ समय तक मौके पर खड़ी रही, जिससे रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण कस्बे के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु कराया। इस घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पार करते समय सावधानी बरतने और बंद रेलवे फाटक के नीचे या आसपास से निकलने जैसी जोखिमपूर्ण कोशिशों से बचने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *