बाराबंकी में तालाब में डूबकर बच्ची की मौत:पैर फिसलने से हादसा, डूबता देख सहेलियां घबराईं; परिजनों के पहुंचने से पहले तोड़ा दम


बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के उमरी गांव में सोमवार शाम एक दुखद हादसा हो गया। करमुवा का साग बीनने गई 11 वर्षीय बालिका की तालाब में डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, छागुर पुरवा निवासी किसान राजेश कुमार की बेटी आंचल (11) सोमवार शाम अपनी सहेलियों के साथ मझंगवा गांव स्थित किरकिची झील के पास बने तालाब किनारे करमुवा का साग तोड़ने गई थी। बच्चियां तालाब के किनारे साग बीन रही थीं। इसी दौरान अचानक आँचल का संतुलन बिगड़ गया और उसका पैर फिसल गया। वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। आँचल को डूबता देख उसकी सहेलियां घबरा गईं और शोर मचाते हुए गांव की ओर भागीं। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत तालाब में छलांग लगाकर आँचल को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी साँसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बेटी का शव देखकर माँ बेसुध हो गईं, जबकि पिता राजेश कुमार और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे गांव में मातम पसर गया। बताया गया कि आँचल किसान राजेश कुमार की छह बेटियों में सबसे छोटी थी। वह गांव के विद्यालय में कक्षा पाँच की छात्रा थी और पढ़ाई में भी होशियार थी। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मोहम्मदपुर खाला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *