![]()
रामपुर के भैया नगला गांव में शनिवार को जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और नगर विधायक आकाश सक्सेना पहुंचे। वे मोटर बोट से गांव आए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान 200 से ज्यादा लोगों को राशन किट बांटी गई। किट में खाने-पीने और जरूरत का दूसरा सामान था। विधायक आकाश सक्सेना ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सरकार और वे खुद बाढ़ प्रभावितों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि मुश्किल के समय हरसंभव मदद दी जाएगी। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रशासन बाढ़ प्रभावितों को राहत देने के लिए लगातार कोशिश कर रहा है। देखें, 4 तस्वीरें… राशन मिलने के बाद ग्रामीणों ने राहत तो महसूस की, लेकिन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर नाराजगी भी जताई। ग्रामीणों का कहना था कि अधिकारियों के गांव में रहने तक डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी मरीजों को देखते हैं। हालांकि, उनके जाते ही स्वास्थ्य सेवाएं बंद हो जाती हैं।
ग्रामीण विजयपाल ने बताया कि वे खुद बीमार हैं और उनकी बेटी शिवानी को भी तेज बुखार है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को दवा लेने पहुंचे तो डॉक्टर वहां से जा चुके थे। शनिवार को भी डॉक्टर नहीं मिले। अब वे बेटी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल या किसी निजी अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे हैं।
एक दूसरे ग्रामीण राजेश ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे तक जब अधिकारी मौजूद रहते हैं, तब तक व्यवस्थाएं ठीक रहती हैं। लेकिन उनके जाने के बाद डॉक्टर और कर्मचारी दिखाई नहीं देते। ग्रामीणों की मांग है कि गांव में कम से कम एक स्वास्थ्यकर्मी की लगातार तैनाती की जाए। चारों तरफ पानी होने के कारण आने-जाने में दिक्कत है। नावों की व्यवस्था तो है, लेकिन गांव में स्वास्थ्यकर्मी होने से बीमार लोगों को समय पर दवा और शुरुआती इलाज मिल सकेगा।
Source link
बाढ़ से घिरे भैया नगला में डीएम-विधायक ने बांटी राशन:रामपुर में नाव से पहुंचे, ग्रामीण बोले- स्वास्थ्य सेवाएं अभी भी भगवान भरोसे