![]()
बांके बिहारी मंदिर हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी की 18 वीं बैठक शुक्रवार देर शाम कमेटी के लक्ष्मण शहीद स्मारक स्थित कार्यालय पर हुई। इस मीटिंग में 14 प्वाइंट पर 3 घंटे तक चर्चा की गई। इस दौरान कमेटी शामिल गोस्वामी सदस्यों ने अपनी नाराजगी भी जाहिर की। वहीं कमेटी अध्यक्ष ने प्रस्तावित कॉरिडोर के लिए खरीदी जाने वाली भूमि के लिए बनाई उप समिति में नए गोस्वामी सदस्यों में से दो सदस्यों को रखे जाने की संस्तुति दी। बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हों और विकास योजना को लेकर हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी की 18वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद कमेटी के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायाधीश अशोक कुमार ने मीडिया को बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में 13 अगस्त को प्रभार लेने के बाद से ही विकास योजना को गति देने का कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने कहा उच्च न्यायालय में पूर्व में दाखिल याचिका के तहत प्रस्तुत डेवलपमेंट प्लान को स्वीकार करते हुए दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। उच्च न्यायालय के 8 नवंबर 2023 के आदेश के खिलाफ कोई अपील दाखिल नहीं हुई थी। इसके उपरांत सर्वोच्च न्यायालय ने 8 अगस्त 2025 को हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी का गठन कर योजना के क्रियान्वयन के निर्देश दिए थे। कॉरिडोर के लिए हुई 30 रजिस्ट्री कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि भूमि व भवनों का क्रय जारी विकास योजना के तहत प्रभावित भूमि और भवन स्वामियों से आपसी सहमति व नेगोशिएशन (वार्ता) के माध्यम से संपत्ति क्रय करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए गठित उपसमिति की कमान पूर्व जिला जज मुकेश मिश्रा के पास है, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हैं। इसके अलावा शैलेन्द्र गोस्वामी और गोपेश गोस्वामी को शामिल किया गया है। अभी तक 30 रजिस्ट्री हो चुकी हैं। अध्यक्ष ने बताया कि समिति का मुख्य उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार भीड़ प्रबंधन को दुरुस्त करना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को सुगमता, सुरक्षा और सहजता के साथ ठाकुर जी के दर्शन प्राप्त हो सकें। 2 महीने में गोलकों में आया 3.90 करोड़ दान बांके बिहारी मंदिर में लगाई गई गोलक में 2 महीने में 3 करोड़ 90 लाख रुपए दान आया है। कमेटी के अध्यक्ष ने बताया मंदिर में गोलक खुलने और उनकी गिनती की प्रक्रिया बेहद पारदर्शी है। चढ़ावा गिनती में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए इसके लिए सभी एहतियात बरती जाती है। गिनती के समय SDM,CO, पुलिस के इंस्पेक्टर,बैंक के कर्मचारी रहते हैं। CCTV कैमरों की निगरानी में गिनती कराई जाती है। सभी लोगों की आने के बाद चैकिंग होती है। इसके अलावा बैंकों को निर्देश दिए हैं आने जाने के समय के लिए अटेंडेंस मशीन लगाई जाए। यह रहे मौजूद बैठक में न्यायमूर्ति सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सदस्य मुकेश मिश्रा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं सदस्य विकास कुमार, मुंसिफ – सिविल जज और सदस्य प्रत्यूष आनन्द मिश्रा, DM व कमेटी के सचिव चन्द्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक – सदस्य श्लोक कुमार, नगर आयुक्त- सदस्य ओजस्वी राज, उपाध्यक्ष मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण- सदस्य लक्ष्मी एन, अधीक्षण पुरातत्वविद् भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण आगरा- सदस्य डॉ स्मिता एस कुमार, राजभोग समूह से शैलेन्द्र गोस्वामी एवं रजत गोस्वामी, शयनभोग समूह से गोपेश गोस्वामी एवं हिमांशु गोस्वामी उपस्थित रहे।
Source link
बांके बिहारी मंदिर हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी की हुई बैठक:3 घंटे चली बैठक में 14 मुद्दों पर हुई चर्चा, गोस्वामी सदस्यों ने कहा भूमि खरीद के नहीं उपलब्ध कराए जा रहे पेपर