बलिया में टीईटी परीक्षा का अंतिम दिन:15 केंद्रों पर थ्री लेयर चेकिंग के बाद मिली एंट्री, स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट डटे रहे


बलिया के 15 परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) का आयोजन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ। यह परीक्षा का तीसरा और अंतिम दिन था, जिसमें लगभग छह हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। आज केवल एक ही पाली में परीक्षा आयोजित की गई है। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। निर्धारित समय से पहले ही अभ्यर्थी अपने-अपने केंद्रों पर पहुंच गए थे। प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की थ्री लेयर चेकिंग की गई। इसमें प्रवेश द्वार पर पहचान पत्र और प्रवेश पत्र का मिलान, मेटल डिटेक्टर व हैंड हेल्ड डिवाइस से जांच, और अंत में बायोमेट्रिक सत्यापन शामिल था। इन औपचारिकताओं के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक मुस्तैदी से तैनात रहे। परीक्षा कक्षों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही थी। अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन के अनुसार, तीन दिनों में पांच पालियों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में जनपद के 15 परीक्षा केंद्रों पर कुल 30,438 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की थी। परीक्षा शुरू होने के साथ ही सभी केंद्रों पर व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण रही।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *