![]()
कोतवाली गैसड़ी क्षेत्र के ग्राम भोजपुरी संतरी निवासी 17 वर्षीय रहीम पुत्र सलीम मनिहार का शव रविवार सुबह लगभग 11:00 बजे चित्तौड़गढ़ जलाशय में बरामद कर लिया गया। वह शनिवार को अपने साथियों के साथ जलाशय घूमने गया था, जहां नहाते समय गहरे पानी में डूब गया था। जानकारी के अनुसार, तेज गर्मी के चलते रहीम अपने दोस्तों के साथ जलाशय में नहाने उतरा था। पहले सभी कम गहराई वाले हिस्से में नहा रहे थे, लेकिन बाद में कुछ युवक गहरे पानी की ओर चले गए। इसी दौरान रहीम का संतुलन बिगड़ा और वह गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद साथियों एवं स्थानीय लोगों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर समाजसेवी रामपाल यादव ने डायल 112 को जानकारी दी। मौके पर पुलिस टीम, डायल 112 के जवान और बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। पुलिस ने जलाशय में युवक की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया। आशंका जताई जा रही थी कि जलाशय में बने पिलरों के पास निकले लोहे के सरियों में युवक फंस गया होगा। तलाश के दौरान बांध का पानी भी कुछ समय के लिए छोड़ा गया था। रविवार सुबह युवक का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक दुर्विजय ने बताया कि शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
बलरामपुर के चित्तौड़गढ़ जलाशय में डूबे युवक का शव मिला:शनिवार को नहाते समय गहरे पानी में डूबा था 17 वर्षीय किशोर