बरेली में मैरिज एनिवर्सरी पर पत्नी की गला दबाकर हत्या:मायके वालों का आरोप- पति और जेठ-देवर ने मिलकर मारा, बच्चे बोले बड़े पापा ने मम्मी को मारा


यूपी के बरेली में मैरिज एनिवर्सरी के दिन पति ने अपने भैया-भाभी के साथ मिलकर अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, घटना को सुसाइड का रूप देने के लिए उसे चुन्नी से चौखट पर लटका दिया। घटना के बाद पूरा परिवार फरार हो गया है। मौके पर पहुंचे परिजनों का कहना है कि पति, जेठ और देवर दहेज के लिए उसे बहुत प्रताड़ित करते थे। दहेज के लिए कार और कैश की मांग
रवीना (30) की शादी 6 साल पहले आज ही के दिन 6 जून 2020 को बारादरी थाना क्षेत्र के हरूनगला निवासी इकरार से हुई थी। रवीना का मायका कैंट थाना क्षेत्र के भौआपुर गांव में है। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे रवीना के पिता तस्सुवर हुसैन ने बताया कि ससुराल वाले दहेज में चार पहिया गाड़ी यानी कार मांग रहे थे। हमने उन्हें 50 हजार रुपये नकद भी दिए थे और कहा था कि बाकी पैसे धीरे-धीरे दे देंगे। मेरी एक और छोटी बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है और उससे भी छोटी एक बेटी है, जिसका जेवर भी वहीं रखा हुआ था। रवीना का पति जयपुर में ज़री का काम करता है। मां का आरोप- शराब पीकर करते थे मारपीट
रवीना की मां खुर्शीदा ने रोते हुए बताया कि शादी के बाद से ही मेरी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। शादी में हमने बाइक और घर का सारा सामान दिया था, लेकिन वे कार की डिमांड पर अड़े थे। पति इकरार, जेठ इकबाल और देवर इरफान तीनों भाई रोजाना शराब पीकर मेरी बेटी को मारते थे। वे इतनी ज्यादा शराब पीते थे कि सुध-बुध तक खो देते थे। खुर्शीदा ने यह भी आरोप लगाया कि करीब एक महीना पहले रवीना के जेठ ने उससे रोटी मांगी थी, जिसके बाद उनके बीच कोई बात हुई और दोनों भाइयों में जमकर मारपीट हुई थी। जेठ पहले भी रवीना के साथ गलत हरकतें और मारपीट कर चुका था। उन्होंने बताया कि पहले भी दहेज की खातिर रवीना की गाड़ी में आग लगा दी गई थी। रवीना के दो बच्चे हैं, जिनमें चार साल की बेटी मायशा और दो साल का बेटा दानिश शामिल हैं। दोनों बच्चों ने कहा बड़े पापा में मम्मी को मारा है। बिना बताए ससुराल जाने पर अफसोस
पिता तस्सुवर का कहना है कि मेरी बेटी एक दिन पहले ही मायके से ससुराल गई थी। उसने मुझे कुछ नहीं बताया, अगर कोई बात या लड़ाई होती तो वह जरूर बताती। मुझे क्या पता था कि ये लोग मेरी बेटी को मार डालेंगे, वरना मैं अपनी बेटी को उसकी ससुराल छोड़कर ही नहीं आता। उन्होंने आरोप लगाया कि रवीना को फांसी के फंदे पर लटका कर मारा गया है। मां खुर्शीदा ने यह भी बताया कि आरोपी सट्टे का दो नंबर का काम करते हैं और पैसों के घमंड में किसी की नहीं सुनते। पुलिस पर वीडियो डिलीट करने के आरोप
रवीना के चाचा मोहम्मद आसिक ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद जब लड़की फंदे पर लटकी हुई थी, तब जो वीडियो बनाई गई थी, पुलिसवालों ने परिजनों के मोबाइल छीनकर वे सारी वीडियो डिलीट कर दीं। पुलिस का कहना है कि वह अपने आप मरी है, जबकि उसे पहले मारकर फिर फंदे पर लटकाया गया है। मां खुर्शीदा ने भी आरोप लगाया कि हमारे पहुंचने से पहले ही आरोपियों ने पुलिस बुला ली थी और पुलिस ने पैसे ले लिए हैं, जिसके कारण हमें मौके पर आने भी नहीं दिया गया। तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
शुक्रवार सुबह बारादरी पुलिस को सूचना मिली कि एक युवती हरूनगला में फांसी के फंदे पर लटकी हुई है। मौके पर पुलिस पहुंची और फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि परिजन जो भी तहरीर देंगे, उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *