![]()
बदायूं में एक बुजुर्ग व्यक्ति को बंदरों ने छत से धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे सीसी रोड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना इस्लामनगर थाना क्षेत्र के नूरपुर पिनौनी गांव की है। यहां के निवासी 65 वर्षीय कल्लू पुत्र लाल सहाय अपने घर की छत पर थे। इसी दौरान वहां मौजूद बंदरों ने उन्हें घेर लिया और धक्का दे दिया। धक्का लगने से कल्लू अपना संतुलन खो बैठे और गली में बनी सीसी रोड पर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद परिवार के सदस्यों ने उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। कुछ देर तक उनका इलाज चला, लेकिन हालत बिगड़ने पर उनकी मौत हो गई। कल्लू की मौत के बाद परिवार ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि कल्लू खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके छह बेटियां और एक बेटा है, जिनकी शादी हो चुकी है। थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बताया कि बंदरों के डर और धक्का लगने से बुजुर्ग छत से गिरे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बदायूं में बुजुर्ग को बंदरों ने छत से धकेला, मौत:आरसीसी रोड पर गिरा था, गंभीर रूप से चोट आई थी