फतेहपुर में भारतीय मजदूर संघ ने ज्ञापन दिया:आशा बहुओं का मानदेय बढ़ाने और संविदा कर्मियों को नियमित करने की मांग


फतेहपुर में भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष जयशंकर गुप्ता के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को 20 सूत्रीय मांग पत्र भेजा है। यह ज्ञापन विभिन्न श्रमिक वर्गों की मांगों को लेकर दिया गया है। ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष जयशंकर गुप्ता ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में 1 जनवरी 2026 से आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत न्यूनतम वेतनमान 72,000 रुपये निर्धारित करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, आशा बहुओं को 18,000 रुपये और आशा संगिनियों को 14,000 रुपये मानदेय देने की मांग की गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का वेतन भी 18,000 रुपये करने की मांग की गई है। अन्य मांगों में वर्ष 2001 से कार्यरत संविदा कर्मचारियों को नियमित करना, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के मृतक आश्रितों को तत्काल नौकरी देने का आदेश जारी करना और सड़क किनारे फुटपाथ पर दुकान चलाने वाले दुकानदारों को उचित स्थान प्रदान कर उनका उत्पीड़न बंद करना शामिल है। संघ ने ई-रिक्शा और ऑटो स्टैंड बनाने की भी मांग की है, जिससे चालकों और वाहन स्वामियों को पुलिस उत्पीड़न से बचाया जा सके। जिलाध्यक्ष ने ई-रिक्शा चालक, ऑटो चालक, धोबी, बढ़ई, लोहार और मोची जैसे विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लोगों को मजदूर की श्रेणी में शामिल करने की बात कही। उन्होंने कृषि, ग्रामीण और दिहाड़ी मजदूरों के लिए पारिश्रमिक तय करने, मिड डे मील कर्मचारियों का मानदेय 10,000 रुपये करने और पुरानी पेंशन बहाल करने की भी मांग की। ज्ञापन में सरकारी विभागों में रिक्त पड़े स्थानों पर जल्द से जल्द नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की भी मांग की गई है। संघ ने सरकार से इन मांगों को गंभीरता से लेने और उन्हें पूरा करने का आग्रह किया है। इस दौरान अमित कुमार, यश, विशाल कुमार, संदीप, पल्लवी, इंद्रभान सिंह और जिला मंत्री रामनरेश सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *