![]()
आगरा में कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), बिचपुरी में शुक्रवार को प्राकृतिक खेती विषय पर एक कार्यशाला एवं किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं आगरा जिला प्रभारी भूपेंद्र सिंह चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों की लागत कम करने, भूमि की उर्वरता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है। सरकार किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने और इसे प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर, भाजपा आगरा जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने प्राकृतिक खेती की तकनीकों, उसके लाभों तथा कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी किसानों को दी। अपने संबोधन में भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्राकृतिक खेती से रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर निर्भरता कम होती है, जिससे खेती की लागत घटती है और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि इससे मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार होता है और कृषि उत्पादन भी अधिक टिकाऊ बनता है। सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत की जा सकती है। वहीं अन्य वक्ताओं ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और इसके लाभों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने किसानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की और अन्य किसानों को भी उनसे प्रेरणा लेने की बात कही। कार्यशाला में विधायक चौधरी बाबूलाल, प्रदीप भाटी, कालीचरण सुमन, अशोक पिप्पल, अशफाक सैफी, हरिओम रावत, महेश शर्मा, देवेंद्र रावत, सत्यप्रकाश लोधी, मनवीर चौहान, उमाशंकर माहौर, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, मुकेश चाहर, सोनू दिवाकर, डॉ. निधि शर्मा, दीपू जादौन, मनमोहन कुशवाह, के.के. सिकरवार, विजय श्रीवास्तव, सतेंद्र बरुआ, गौरव सोलंकी, महेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
Source link
प्राकृतिक खेती से कम होगी खेती की लागत:आगरा किसान सम्मेलन में बोले प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी, कहा किसानों की आय बढ़ाने में मिलेगी मदद