![]()
प्रयागराज में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिला स्तरीय समिति की त्रैमासिक बैठक मंगलवार को हुई। अपर जिलाधिकारी (नगर) सत्यम मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने की रणनीति बनाई गई। एडीएम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को नियमित औचक निरीक्षण करने और खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अनाथालयों, वृद्धाश्रमों और सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की कैंटीनों में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने का फैसला लिया गया। साथ ही दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नियमित करेंगे औचक निरीक्षण एडीएम सत्यम मिश्र ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों से कहा कि वे केवल कार्यालय तक सीमित न रहें। अपने कार्यक्षेत्र में लगातार भ्रमण करें और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण करें। उन्होंने विशेष रूप से ठेलों पर खाद्य पदार्थ बेचने वालों की स्वच्छता और खाद्य गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर रहेगी विशेष नजर बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि वे अपने अधीन स्कूलों में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करें। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों, अनाथालयों, वृद्धाश्रमों और सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की कैंटीनों की भी नियमित जांच कराने को कहा गया। एडीएम ने स्पष्ट किया कि इन संवेदनशील संस्थानों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दूध में मिलावट मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट की शिकायतों को देखते हुए प्रवर्तन टीमों को संदिग्ध नमूने तत्काल लेने के निर्देश दिए गए। प्रयोगशाला जांच में दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। एडीएम ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग का उद्देश्य शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है, न कि व्यापारियों का उत्पीड़न करना। छोटे व्यापारियों को अनावश्यक जांच के नाम पर परेशान न किया जाए। कार्रवाई केवल उन्हीं मामलों में हो, जहां खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि हो। बैठक में सहायक आयुक्त (खाद्य-द्वितीय), खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी और समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Source link
प्रयागराज में मिलावटखोरों पर होगी सख्त कार्रवाई:स्कूलों, आंगनबाड़ी और अस्पतालों की कैंटीनों की होगी जांच, एडीएम ने दिए निर्देश