प्रयागराज में फिर चाइनीज मांझे का कहर:पुराने यमुना पुल पर बाइक से शहर आ रहे युवक के गले को रेता, बाल-बाल बचा


प्रयागराज में लगातार सामने आ रहे हादसों के बावजूद प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। रविवार को एक बार फिर ऐसा ही मामला सामने आया, जिसमें एक बाइक सवार इसकी चपेट में आ गया। हालांकि गनीमत रही कि उसे गंभीर चोट नहीं आई।
पुराने यमुना पुल पर हुआ हादसा
घटना कीडगंज थाना क्षेत्र के पुराने यमुना पुल की है। मनोज कोल रविवार शाम करीब 4:30 बजे नैनी से प्रयागराज की ओर बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वह पुल के पास पहुंचे, अचानक हवा में उड़ रहा चाइनीज मांझा उनके गले में लिपट गया।
सतर्कता से टली बड़ी घटना
मांझा गले में फंसते ही मनोज ने तुरंत बाइक की रफ्तार धीमी कर दी और किसी तरह उसे हटाया। इस दौरान उनके गले पर निशान पड़ गया, लेकिन गंभीर चोट से वह बाल-बाल बच गए। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी घटना में बदल सकती थी।
थाने पहुंचकर दी शिकायत
घटना के बाद मनोज कोल ने कीडगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए सतर्कता बढ़ाने की बात कही है। कीडगंज थाना प्रभारी सुशील कुमार दुबे ने बताया कि एक व्यक्ति शिकायत लेकर आया था, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल नहीं था। पूरे क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है और चाइनीज मांझे का इस्तेमाल करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *