![]()
प्रयागराज में ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद सोमवार से परिषदीय विद्यालय बच्चों की चहल-पहल से गुलजार हो उठे। नए सत्र के पहले दिन विद्यालय पहुंचे छात्र-छात्राओं का शिक्षकों, शिक्षिकाओं और खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) ने चंदन लगाकर तथा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। विद्यालयों में उत्साह का माहौल देखा गया। जिले के विभिन्न विकास खंडों में विद्यालय खुलने के साथ ही स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। धनूपुर ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी प्रभाशंकर पाण्डेय ने स्वयं कई विद्यालयों का दौरा किया। उन्होंने बच्चों का चंदन लगाकर और फूल बरसाकर अभिनंदन किया। साथ ही उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इसी तरह जनपद के अन्य खंड शिक्षा अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों का निरीक्षण किया और बच्चों के स्वागत कार्यक्रम में भाग लिया। शिक्षकों ने बच्चों के साथ संवाद स्थापित कर नए सत्र की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में कराई। कई विद्यालयों में छात्रों को प्रेरणादायक संदेश भी दिए गए। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनिल कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी परिषदीय विद्यालय सोमवार से संचालित हो गए हैं। विद्यालय खुलने से पहले शिक्षकों और कर्मचारियों द्वारा परिसर की साफ-सफाई कराई गई थी। बच्चों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं, जिसका उद्देश्य उन्हें विद्यालय से जोड़ना और सकारात्मक वातावरण विकसित करना था। बीएसए ने यह भी बताया कि प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यालयों के संचालन समय में जल्द ही बदलाव किया जा सकता है। इसका उद्देश्य बच्चों को गर्मी से राहत प्रदान करना है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों के निर्देशों की प्रतीक्षा की जा रही है। उल्लेखनीय है कि बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सोमवार से शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए विद्यालय खोल दिए गए हैं। विद्यालयों के खुलने के साथ ही शिक्षा व्यवस्था ने फिर से गति पकड़ ली है और बच्चों की उपस्थिति से स्कूलों में रौनक लौट आई है।
Source link
प्रयागराज में गर्मी की छुट्टी के बाद खुले स्कूल:शिक्षकों ने तिलक लगाकर और फूल बरसाकर किया बच्चों का स्वागत