प्रभारी मंत्री बनने के बाद अमेठी पहुंची प्रतिभा शुक्ला:गौरीगंज में स्वागत, कोर कमेटी और अधिकारियों संग विकास कार्यों की समीक्षा


अमेठी की नवनियुक्त प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला आज पहली बार अमेठी पहुँची। अपने पहले दौरे पर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जिला प्रशासन और भाजपा संगठन ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने भाजपा कोर कमेटी और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जिले के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला को एक दिन पहले ही अमेठी का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया था। आज वे पहली बार अमेठी दौरे पर पहुंचीं। जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जिलाधिकारी संजय चौहान, एएसपी ज्ञानेंद्र कुमार और भाजपा पदाधिकारियों ने बुके देकर उनका स्वागत किया।
स्वागत के बाद प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने जिले के विकास की गति तेज करने के लिए एक अहम बैठक की। इस बैठक में उन्होंने भाजपा की कोर कमेटी के सदस्यों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा की। कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा और केंद्र-राज्य की योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, महामंत्री विषुव मिश्र, उपाध्यक्ष भवानी दत्त दीक्षित मौजूद रहे। वहीं, प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी संजय चौहान, एएसपी ज्ञानेंद्र कुमार, एसडीएम प्रीति तिवारी, सीओ अखिलेश वर्मा, सीओ दिनेश मिश्रा समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हुए। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया। बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री के इस दौरे से जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *