प्रतापगढ़ में वैष्णो देवी थीम पर सजेगा दुर्गा पंडाल:श्रद्धालु गुफा से गुजरकर करेंगे पिंडी दर्शन, 40 साल से बन रहा पंडाल


प्रतापगढ़ में शारदीय नवरात्र शुरू होने में अभी दो दिन का समय बाकी है, लेकिन प्रतापगढ़ में दुर्गा पूजा पंडालों को सजाने की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। 40 साल से लगातार पंडाल बन रहा है इस बार शहर में एक अनोखी थीम पर तैयार किया जा रहा दुर्गा पंडाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। यह पंडाल मां वैष्णो देवी की थीम पर तैयार किया जा रहा है, जहां श्रद्धालुओं को गुफा के रास्ते से गुजरते हुए पिंडी दर्शन का अनुभव मिलेगा। पंडाल के निचले हिस्से में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालु गुफानुमा रास्ते से होते हुए ऊपर की ओर पहुंचेंगे, जहां मां वैष्णो देवी की तर्ज पर पिंडी दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। पंडाल प्रयागराज-अयोध्या हाईवे के पास स्थित होने के कारण यहां नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। पंडाल के महामंत्री के मुताबिक यहां पिछले करीब 40 वर्षों से दुर्गा पूजा के अवसर पर पंडाल सजाया जा रहा है। हर वर्ष पंडाल के लिए अलग-अलग थीम चुनी जाती है। इस बार मां वैष्णो देवी की थीम को चुना गया है। पंडाल को तैयार करने में करीब 5 से 7 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। पंडाल का निर्माण अध्यक्ष, महामंत्री और पूरी टीम की देखरेख में स्थानीय कलाकारों द्वारा किया जा रहा है। कलाकार दिन-रात मेहनत कर पंडाल को भव्य रूप देने में जुटे हैं। पंडाल रामलीला मैदान के पास बनाया जा रहा है। खास बात यह है कि दशहरे के दिन इसी पंडाल के पीछे रावण का दहन भी किया जाता है। नवरात्र के दौरान मां दुर्गा के दर्शन के साथ वैष्णो देवी की थीम पर तैयार गुफानुमा पंडाल श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। पंडाल की भव्यता और धार्मिक माहौल के चलते यहां बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *