प्रतापगढ़ में पुलिस मुठभेड़ के बाद लूट का आरोपी गिरफ्तार:1 बाल अपचारी भी संरक्षण में, लूटा गया सोने का लॉकेट; तमंचा और बाइक बरामद


प्रतापगढ़ जिले के महेशगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और लूट के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान एक आरोपी अंकित जोशी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी संरक्षण में लिया है। पुलिस के अनुसार, महेशगंज पुलिस और स्वाट टीम गंगा एक्सप्रेसवे के निकट सर्विस रोड स्थित आईटीडी प्लांट के आगे संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया।
आरोप है कि बाइक सवार अंकित जोशी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे अंकित जोशी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल, प्रतापगढ़ भेजा गया। मौके से अंकित जोशी के साथ मौजूद एक बाल अपचारी (अरमान) को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हाल ही में हुई लूट की घटना में छीना गया सोने का लॉकेट, एक अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित जोशी पुत्र मुक्तिलाल जोशी, निवासी ग्राम वासुपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा बरामदगी और पूछताछ के आधार पर अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *