पेपर मिलों पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल सख्त:ग्रामीणों की शिकायतों पर बुलाई बैठक, फैक्ट्री मालिकों से बोले- प्रदूषण फैलाया तो होगी कड़ी कार्रवाई


मुजफ्फरनगर सदर विधायक एवं प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने विधानसभा क्षेत्र के मखियाली, चांदपुर और मुझेड़ा गांवों में बढ़ते प्रदूषण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार शाम उन्होंने ग्रामीणों, उद्योग संचालकों, प्रशासनिक अधिकारियों और प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं की समीक्षा की। बैठक में ग्रामीणों ने पेपर मिलों से फैल रहे प्रदूषण और उससे हो रही दिक्कतों को प्रमुखता से उठाया। इस पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य और पर्यावरण से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में संचालित पेपर मिलों सहित सभी औद्योगिक इकाइयों को प्रदूषण नियंत्रण के निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी उद्योग द्वारा नियमों की अनदेखी की गई या प्रदूषण फैलाने की शिकायत सही पाई गई तो संबंधित इकाई के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, निगरानी और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश भी दिए। बैठक में वायु और जल प्रदूषण, औद्योगिक अपशिष्ट प्रबंधन तथा पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि औद्योगिक विकास जरूरी है, लेकिन यह विकास पर्यावरण और जनस्वास्थ्य की कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने उद्योग संचालकों से सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए पर्यावरणीय मानकों का पूरी तरह पालन करने की अपील की। बैठक में भाजपा नेता जितेंद्र कुच्छल, हरेंद्र पाल, अमित शास्त्री, विशाल, सुनील, वीरपाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *