पूर्व-जिंप अध्यक्ष वीरेंद्र पाल यादव का आज होगा अंतिम संस्कार:शाहजहांपुर में वित्तमंत्री-सहकारिता मंत्री होंगे शामिल


शाहजहांपुर के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल यादव का मंगलवार दोपहर एक बजे निधन हो गया है। उनके निधन को सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने शाहजहांपुर की राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया है। उनका अंतिम संस्कार आज किया जाएगा। भाजपा लोकसभा सांसद अरुण सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार और ददरौल विधायक अरविंद सिंह ने मंगलवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी थी। वित्तमंत्री सुरेश खन्ना और सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर उनके अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। इसके अलावा, जितिन प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सोशल मीडिया पर दुख व्यक्त किया है। वीरेंद्र पाल यादव के परिवार के पास पिछले 37 वर्षों से नियामतपुर गांव की प्रधानी सीट है, जहां से वे हर बार निर्विरोध चुने जाते रहे हैं। वीरेंद्र पाल यादव पहली बार निर्विरोध प्रधान चुने गए थे। इसके बाद उनकी पत्नी दो बार, बहू ममता यादव एक बार और वर्तमान में उनके बेटे अभय यादव प्रधान हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर भी उनके परिवार का दबदबा रहा है। वर्ष 2000 में वीरेंद्र यादव खुद जिला पंचायत अध्यक्ष बने थे। 2016 में उनके बेटे अजय प्रताप सिंह यादव सबसे कम उम्र के जिला पंचायत अध्यक्ष बने। वर्तमान में उनकी बहू ममता यादव जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। इस तरह तीन बार जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट भी उनके परिवार के पास रही है, जो राजनीति में उनकी हैसियत दर्शाती है। वीरेंद्र पाल यादव ने अपने राजनीतिक सफर में कभी दूसरी पार्टी का साथ नहीं पकड़ा। वह वित्तमंत्री सुरेश खन्ना के बेहद करीबी थे, और सुरेश खन्ना भी उन्हें छोटा भाई मानते थे। वह और उनका परिवार कभी विवादों में नहीं रहे। भाजपा नेताओं के अलावा, समाजवादी पार्टी ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां, पूर्व एमएलसी कुंवर जयेश प्रसाद और पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा सहित कई सपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश साझा किए हैं। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने भी वीडियो जारी कर दुख जताया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *