पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर ट्रेलर डिवाइडर से टकराया:अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त, ड्राइवर समेत दो घायल, झपकी आने से हादसा


बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार शाम एक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से गाजीपुर जा रहा लोहे से लदा एक ट्रेलर थाना लोनीकटरा क्षेत्र के ककरी गांव के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। इस हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शाम करीब 6 बजे हुई यह टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग फंस गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। चालक का वाहन से नियंत्रण हटने के बाद ट्रेलर सीधे डिवाइडर से जा टकराया। सूचना मिलते ही यूपीडा (UPIDA) की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने स्थानीय पुलिस की सहायता से ट्रेलर में फंसे घायलों को बाहर निकाला। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैदरगढ़ भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के कारण पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। यूपीडा और पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त ट्रेलर को हटाकर मार्ग को सुचारु किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद आने के कारण हादसा होना सामने आया है, लेकिन अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *