![]()
जौनपुर में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे एक देशी शराब की दुकान के कर्मचारी से 68 हजार रुपये लूट लिए गए। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलाबाद में पुलिस बूथ के पास हुई इस वारदात को बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर अंजाम दिया और फरार हो गए। यह घटना मील चौराहा स्थित रेलवे अंडरपास के भीतर हुई। आदमपुर स्थित देशी शराब की दुकान की अनुज्ञापी प्रियंका जायसवाल के कर्मचारी दिनभर की बिक्री की रकम स्कूटी से लेकर जा रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने कर्मचारी को तमंचा दिखाकर धमकाया और नकदी से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वे चौकियां रोड की तरफ फरार हो गए। यह लूट उस स्थान पर हुई, जहां से कुछ ही दूरी पर एक पुलिस बूथ मौजूद है। इस घटना ने क्षेत्र में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही लाइन बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित रास्तों पर तलाश अभियान चला रही हैं। इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस से जल्द बदमाशों को गिरफ्तार करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि मामला संदिग्ध है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
Source link
पुलिस बूथ के पास 68 हजार की लूट:जौनपुर में तमंचा दिखाकर बैग छीना, बाइक सवार 3 बदमाशों ने की वारदात