![]()
पीलीभीत के संतोषपुरा में आम के बाग में मिले युवक होरीलाल के शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या थी, जिसे मृतक के पिता, भाई और भतीजे ने अंजाम दिया था। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। 25 जून 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि होरीलाल (पुत्र ढाकन लाल) ने अपने ही बाग में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सुनगढ़ी पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतक के पैर के पंजे पर चोट के निशान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण “गला दबाकर हत्या” (AnteMortem Strangulation) आने के बाद पुलिस का शक गहरा गया। मृतक की पत्नी हीराकली की तहरीर पर पुलिस ने मु०अ०सं० 323/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि जब नामजद तीनों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उन्होंने सच्चाई कबूल कर ली। मृतक होरीलाल रुद्रपुर में काम करता था और 24 जून की रात ही घर लौटा था। वह अक्सर शराब पीकर घर और जमीन के बंटवारे को लेकर अपने पिता के साथ मारपीट और विवाद करता था। घटना वाली रात भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने आक्रोश में आकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को आम के बाग में पेड़ से लटका कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल मृतक के पिता, भाई और भतीजे को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए जेल भेज दिया है।
Source link
पीलीभीत में होरीलाल की गला दबाकर की गई हत्या:पिता, भाई और भतीजा गिरफ्तार, संपत्ति विवाद बना वजह