![]()
पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिपरिया भजा पुल के पास रविवार दोपहर एक सड़क हादसा हो गया। दोपहर करीब 12:30 बजे सवारियों से भरा एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में चालक समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को टेंपो से बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। मिली जानकारी के अनुसार, बरखेड़ा थाना क्षेत्र के फूटे कुआं निवासी रामकुमार अपनी पत्नी अनीता देवी, बेटी सलोनी और डेढ़ वर्षीय बेटे अंकुश के साथ लालपुर से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही टेंपो पिपरिया भजा पुल की चढ़ाई पर पहुंचा, वह अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। इस हादसे में रामकुमार, अनीता देवी, सलोनी, किरथ देवी, डेढ़ वर्षीय अंकुश और टेंपो चालक घायल हो गए। डेढ़ वर्षीय मासूम अंकुश के सिर में गंभीर चोट आई है। रामकुमार और एक अन्य बच्चा भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिपरिया भजा पुल पर आए दिन इस तरह के हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस खतरनाक मोड़ और चढ़ाई पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की है। गजरौला थाना अध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया है और यातायात सुचारू रूप से चालू करा दिया है।
Source link
पीलीभीत में सवारियों से भरा टेंपो पलटा:मासूम समेत छह लोग गंभीर घायल, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल