पीलीभीत में शारदा नदी उफान पर, बाढ़ का खतरा:रुक-रुककर बारिश से 27 डिग्री तक गिरा पारा,15 जून से ही पैंटून पुल बंद


पीलीभीत में पहाड़ी और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण शारदा नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से इसके किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 32.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। शारदा नदी में बढ़ते जलस्तर और संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही एहतियाती कदम उठाए हैं। नदी पर आवागमन के लिए बने पैंटून पुल (पीपा पुल) को 15 जून को ही वाहनों और आम लोगों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था। जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से नदी तटीय इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। एक ओर जहां नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा है, वहीं दूसरी ओर जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। कुछ समय पहले जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब था, वहीं बारिश के कारण इसमें भारी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार सुबह तापमान गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे मौसम सुहावना हो गया। यह बारिश खेतों में खड़ी धान की फसल के लिए संजीवनी साबित हुई है। धान की फसल को इस समय सिंचाई की सख्त जरूरत थी। बारिश होने से किसानों का सिंचाई का खर्च बचा है और यह हल्की बरसात फसलों की सेहत तथा बेहतर पैदावार के लिए फायदेमंद मानी जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *