पीलीभीत में ईद-उल-फितर सौहार्द के साथ संपन्न:DM-SP ने खुद संभाला मोर्चा, शांति और भाईचारे के बीच लोगों ने मनाया त्यौहार


पीलीभीत में ईद-उल-फितर का त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। जिले की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज सकुशल संपन्न हुई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने स्वयं मोर्चा संभाला और नगर क्षेत्र का सघन भ्रमण किया। त्योहार के मद्देनजर शनिवार सुबह से ही प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के संवेदनशील इलाकों और प्रमुख धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच अकीदतमंदों ने शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा की। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने, भीड़ नियंत्रण करने और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। नमाज के बाद लोगों से मुलाकात नमाज संपन्न होने के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मुस्लिम धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजनों और बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने सभी को ईद की मुबारकबाद दी और त्योहार को आपसी प्रेम, शांति तथा भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। ड्रोन और CCTV से रखी गई निगरानी पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को लगातार गश्त के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए संवेदनशील स्थानों पर दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ पुलिस टीमें तैनात रहीं। प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके अलावा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। प्रशासन की मुस्तैदी से सब कुछ शांत पीलीभीत पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी के कारण कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन की सक्रियता और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से ईद का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *