पीडीए ने प्रयागराज में 6 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त की:नैनी क्षेत्र में ओमेक्स और मवइया के पास हुई कार्रवाई


प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने रविवार को नैनी क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जोन-04 के उपजोन-4ए के अंतर्गत लगभग छह बीघा भूमि पर विकसित की गई दो अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई जोनल अधिकारी सूरज कुमार पटेल के नेतृत्व में हुई, जिसमें पीडीए प्रवर्तन टीम और नैनी पुलिस भी मौजूद रही। प्राधिकरण के अनुसार, पहली कार्रवाई मौजा मवइया, नैनी में की गई। यहां कुलदीप महरा, बब्लू पाण्डेय, रत्नेश सिंह, रंजन पाण्डेय और अन्य लोगों द्वारा लगभग चार बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। पीडीए की टीम ने बुलडोजर का उपयोग कर इस अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। दूसरी कार्रवाई मवइया ओमेक्स के पास नैनी क्षेत्र में हुई। यहां सुनील शुक्ला और अन्य लोगों द्वारा करीब दो बीघा भूमि पर बिना स्वीकृति के अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। प्राधिकरण की टीम ने इस अवैध प्लाटिंग को भी ध्वस्त कर दिया। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और कॉलोनियों के विकासकर्ताओं के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा। प्राधिकरण ने डेवलपर्स को निर्देश दिया है कि पीडीए क्षेत्र में किसी भी विकास कार्य से पहले सक्षम प्राधिकारी से मानचित्र स्वीकृत कराएं। बिना अनुमति के निर्माण या प्लाटिंग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पीडीए ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी अवैध कॉलोनी या मेला क्षेत्र में भूखंड खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी परेशानी से बचा जा सके। इस ध्वस्तीकरण अभियान में जोनल अधिकारी सूरज कुमार पटेल, भवन निरीक्षक कुँवर आनंद, पीडीए प्रवर्तन टीम और थाना नैनी की पुलिस मौजूद थी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *