पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा में सीडीओ नाराज:अम्बेडकरनगर में बैंकिंग प्रक्रिया और लक्ष्य पूर्ति में देरी पर फटकार


अंबेडकरनगर के विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में योजना के लक्ष्य, बैंकिंग प्रक्रियाओं, विद्युत विभाग की समस्याओं और बैंकवार लंबित आवेदनों पर गहन समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लिए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिए गए हैं। हालांकि, वर्ष 2026-27 के 4528 लक्ष्यों के सापेक्ष अब तक केवल 2196 की प्रगति दर्ज की गई है। कुल 6469 लक्ष्यों के मुकाबले 4137 की उपलब्धि प्राप्त होने पर, मुख्य विकास अधिकारी ने शेष लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैंकिंग प्रकरणों की समीक्षा के दौरान, मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न बैंकों में ऋण स्वीकृति और वितरण से जुड़े लंबित मामलों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सहित अन्य बैंकों में 15 दिन से अधिक लंबित प्रकरणों, अनावश्यक फाइल होल्ड और दस्तावेजी देरी पर कड़ा रुख अपनाया। सभी बैंकर्स को लाभार्थियों के आवेदनों का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सोलर पावर प्लांट की स्थापना मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को भी निर्देशित किया कि वे अपने कार्मिकों को प्रेरित कर अधिक से अधिक सोलर पावर प्लांट की स्थापना सुनिश्चित करें। अंत में, मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि योजना का लाभ शासन की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक लाभार्थियों तक सुगमता और पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए। उन्होंने सभी विभागों और बैंकर्स को समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *