![]()
अमेठी में संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा आज आयोजित की जा रही है। जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर कुल 2008 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षार्थियों को केवल एडमिट कार्ड और पहचान पत्र के साथ ही परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति है। पानी की बोतल, घड़ी और पर्स जैसी सभी व्यक्तिगत वस्तुएं परीक्षा केंद्र के बाहर रखवाई जा रही हैं। जिले में राजकीय इंटर कॉलेज टीकरमाफी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सोनारीकला, रणंजय इंटर कॉलेज गौरीगंज, रणवीर इंटर कॉलेज अमेठी और इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज गौरीगंज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा की निगरानी के लिए तहसील स्तरीय सचल दल गठित किए गए हैं। सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात हैं, जबकि केंद्र प्रतिनिधियों को रिजर्व में रखा गया है। कक्ष निरीक्षकों और अन्य स्टाफ को भी मोबाइल फोन रखने की अनुमति नहीं है। नकल पर अंकुश लगाने के लिए परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट की दुकानें और साइबर कैफे बंद करवा दिए गए हैं। पहली पाली में सामान्य ज्ञान और भाषा से संबंधित 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, जबकि दूसरी पाली में जनरल एप्टीट्यूड और सब्जेक्ट एलिजिबिलिटी टेस्ट होगा। प्रत्येक प्रश्न दो अंक का होगा और गलत उत्तर पर निगेटिव मार्किंग भी लागू होगी।
Source link
पांच केंद्रों पर 2008 अभ्यर्थी देंगे संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा:अमेठी में दो पालियों में होगी परीक्षा, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच केंद्रों पर प्रवेश