![]()
हरदोई में अपनी पत्नी को विदा कराने जा रहे एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर उसकी बाइक के सामने अचानक मोर आ गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर एक लोडर से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद भीड़ ने लोडर और उसके चालक को पकड़ लिया। मृतक की पहचान हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के श्यामपुर पंजा मजरा बेहटा रम्पुरा निवासी बलवीर के 24 वर्षीय पुत्र सोनू राजपूत के रूप में हुई है। सोनू की शादी 6 मई को सांडी थाने के समजलपुर निवासी रामखिलावन की बेटी रुचि से हुई थी। रुचि अपने मायके में थी और सोनू उसे विदा कराने जा रहा था। यह हादसा सांडी-जरौली नेवादा रोड पर भावपुरवा के पास हुआ। सोनू जैसे ही इस स्थान पर पहुंचा, अचानक एक मोर उसकी बाइक के सामने आ गया। मोर को बचाने के प्रयास में सोनू की बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे एक लोडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सोनू राजपूत खेती-बाड़ी का काम करता था और वह अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Source link
पत्नी को विदा कराने जा रहे युवक की मौत:हरदोई में मोर के सामने आने से बाइक अनियंत्रित होकर लोडर से टकराई, 6 मई को हुई थी शादी