![]()
ऑनलाइन ट्रेडिंग कर मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने एक बुजुर्ग महिला के साथ 42 लाख रुपये की ठगी कर ली। साइबर अपराधियों ने पहले महिला को वाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा, फिर शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर कई किश्तों में उनके बैंक खाते से रमक अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। रकम वापस न मिलने पर महिला को ठगी का एहसास हुआ। साइबर सेल ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-92 निवासी 67 साल के बिंदू शर्मा ने बताया कि इसी साल उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से वाट्सऐप संदेश आया। शुरुआत में सामान्य बातचीत की गई और शेयर बाजार व ऑनलाइन ट्रेडिंग से कम समय में अधिक मुनाफा कमाने की जानकारी दी गई। करीब दो दिन तक विश्वास जीतने के बाद महिला को एक ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप में शेयर किए स्क्रीन शॉट
ग्रुप में कई लोग खुद को सफल निवेशक बताकर बड़े मुनाफे के स्क्रीनशॉट साझा करते थे। इसके अलावा कथित विशेषज्ञ निवेश के टिप्स देते थे, जिससे महिला को लगा कि वह किसी भरोसेमंद निवेश मंच से जुड़ी हैं। ठगों ने महिला को एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर खाता खोलने और अलग-अलग बैंक खातों में निवेश की रकम जमा करने के लिए कहा। कई बार में ट्रांसफर किए पैसे
शुरुआती निवेश पर ऐप में अच्छा मुनाफा दिखाया गया, जिससे महिला का भरोसा और बढ़ गया। इसके बाद उन्हें अधिक लाभ का लालच देकर लगातार बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। महिला ने कई बार में अपने बैंक खाते से कुल 42.13 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। पैस निकालने की कोशिश पर संपर्क तोड़ा कुछ समय बाद जब महिला ने निवेश की गई रकम और कथित मुनाफा निकालने की कोशिश की तो ठगों ने टैक्स, प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट और अन्य शुल्क के नाम पर और रुपये जमा कराने की मांग शुरू कर दी। शक होने पर महिला ने पैसे देने से इनकार किया और रकम वापस मांगी, लेकिन न तो पैसा लौटा और न ही किसी ने संपर्क किया। इसके बाद उन्हें अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ। एनसीआरपी पर 26 फरवरी और 6 मार्च में शिकायत दर्ज की
पीड़िता ने 26 फरवरी और 6 मार्च 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई थीं। शिकायतों की जांच के दौरान बैंक खातों में हुए लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच में पुष्टि हुई कि महिला ने साइबर अपराधियों के बताए बैंक खातों में कुल 42.13 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। इसके आधार पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Source link
नोएडा में निवेश के नाम पर 42 लाख ठगे:वाट्सऐप ग्रुप से जोड़ा , पहले मुनाफा दिखाया, पैसे निकालने को कहने पर संपर्क तोड़ा