![]()
मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र की कुसुम वाटिका में बुधवार शाम करीब 4 बजे एक निर्माणाधीन दो मंजिला भवन से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। बताया गया कि काम करते समय मजदूर का पैर फिसल गया, जिससे वह नीचे आ गिरा। गंभीर हालत में साथी मजदूर उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बिहार के बांका जिले के धूरिया थाना क्षेत्र के करौंदा गांव निवासी चांद कुमार के रूप में हुई है। चांद कुमार अपने परिवार के साथ मथुरा के गोविंद नगर क्षेत्र स्थित 80 फुटा में रहते थे और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बुधवार को वह कुसुम वाटिका स्थित निर्माणाधीन भवन में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह भवन से नीचे जा गिरे। तेज आवाज सुनकर मौके पर मौजूद अन्य मजदूर उनकी मदद के लिए दौड़े और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतक के भाई सूरज ने बताया कि चांद कुमार की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। परिवार के लिए चांद ही मजदूरी कर सहारा बने हुए थे। हाईवे थाना प्रभारी प्रशांत कपिल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन भवन से गिरकर मजदूर की मौत हुई है। पुलिस को अभी तक परिजनों की ओर से कोई प्रार्थना-पत्र नहीं मिला है। प्रार्थना-पत्र मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
निर्माणाधीन दो मंजिला भवन से गिरकर मजदूर की मौत:मथुरा की कुसुम वाटिका में काम करते समय हुआ हादसा